
इंद्र यादव/पालघर। महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित पान मसाले की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पालघर जिले की कासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक वाहन से लगभग 51 लाख रुपये मूल्य का अवैध गुटखा और सुगंधित पान मसाला बरामद किया है। सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुजरात की ओर से एक वाहन में भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला भरकर मुंबई की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर कासा पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में गुटखा और पान मसाले की बोरियां बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल पूरा माल जब्त कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया तथा वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित माल कहां से लाया गया था, मुंबई में किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे काम कर रहे तस्करी नेटवर्क का मुख्य संचालक कौन है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से राज्य में गुटखा और सुगंधित पान मसाले की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। हाल ही में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने पदभार संभालने के बाद अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार और एफडीए के निर्देशों के अनुरूप हाईवे और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी सतर्कता के चलते यह बड़ी खेप पकड़ी जा सकी। फिलहाल कासा पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।



