ऑटो में छूटा 11.5 लाख का बैग 10 घंटे में बरामद, पनवेल पुलिस ने महिला को लौटाए गहने और नकदी

नवी मुंबई। पनवेल सिटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो-रिक्शा में छूटा सोने के गहनों, 1.18 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन से भरा बैग महज 10 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बैग में मौजूद सामान की कुल कीमत करीब 11.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने जांच के दौरान उस ऑटो-रिक्शा चालक का पता लगाया, जिसने बैग मिलने के बाद उसे सुरक्षित रखा था। इसके बाद पुलिस ने पूरा सामान 61 वर्षीय अर्चना अरुण जाधव को वापस सौंप दिया। घटना 13 नवंबर की है। पेन निवासी अर्चना जाधव पनवेल रेलवे स्टेशन से बस डिपो की ओर ऑटो-रिक्शा से जा रही थीं। इसी दौरान सफेद और नीली धारियों वाला उनका बैग, जिस पर ‘जगदंबा’ लिखा था, ऑटो में ही छूट गया। बैग में पांच तोले का सोने का हार, ढाई तोले की दो परत वाली सोने की चेन, 1.18 लाख रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन था। बैग गायब होने का पता चलते ही महिला ने पनवेल सिटी पुलिस स्टेशन पहुंचकर सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन पवार से शिकायत की।
सीसीटीवी फुटेज से 10 घंटे में मिला सुराग
शिकायत मिलते ही पुलिस ने पनवेल रेलवे स्टेशन से पलासपे फाटा तक के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को 63 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक राजू गणपत सावंत का पता चला। पूछताछ में सावंत ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे पनवेल रेलवे स्टेशन के बाहर एक सर्कल के पास उसे ऑटो-रिक्शा से एक बैग गिरता दिखाई दिया था। उसने ऑटो चालक को रुकने का इशारा भी किया, लेकिन ऑटो आगे निकल गया। इसके बाद उसने बैग अपने पास सुरक्षित रख लिया, ताकि उसे पुलिस के हवाले कर सके। सावंत ने बताया कि घर आए बेटी-दामाद की देखभाल, पैर की ड्रेसिंग के लिए अस्पताल जाने और कुछ निजी कामों के कारण वह तत्काल पुलिस स्टेशन नहीं पहुंच पाया। पुलिस की त्वरित जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज 10 घंटे में बैग का पता लगा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में लौटाया गया सामान
पनवेल डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल ने बैग और उसमें मौजूद पूरा सामान अर्चना जाधव को सौंप दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बाला कुंभार, एपीआई सचिन पवार, पीएसआई हजरत पठान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *