गंजे सिर पर बाल उगाने का दावा करने वाला आयुर्वेदिक हेयर ऑयल FDA के रडार पर, 50.35 लाख रुपये का माल जब्त

मुंबई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर विज्ञापन देकर पूरी तरह गंजे सिर पर भी बाल उगाने का दावा करने वाला आयुर्वेदिक हेयर ऑयल महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई के घेरे में आ गया है। शुक्रवार को एफ़डीए से मिली जानकारी के अनुसार FDA के नासिक विभाग ने इस उत्पाद की 5,040 बोतलें जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत 50.35 लाख रुपये बताई गई है। जांच में उत्पाद के लेबल पर निर्माता का नाम, पता और मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर नहीं मिलने से गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
सोशल मीडिया पर गंजेपन के इलाज का दावा
‘VS हेयर ग्रोथ ऑयल’ नामक इस उत्पाद का इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रचार किया जा रहा था। विज्ञापनों में दावा किया गया था कि यह तेल गंजे सिर पर दोबारा बाल उगाने और बालों की वृद्धि में मदद कर सकता है। 100 मिलीलीटर की प्रत्येक बोतल पर 999 रुपये की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) अंकित थी।
नासिक के सैलून पर FDA की छापेमारी
उत्पाद के ऑनलाइन विज्ञापन और बिक्री को लेकर मिली गुप्त सूचना के आधार पर FDA अधिकारियों ने 5 नवंबर को नासिक के कॉलेज रोड स्थित ‘M/s V. S. न्यू फैशन ज़ोन’ पर छापा मारा। यह प्रतिष्ठान ब्यूटी सैलून और इमिटेशन ज्वेलरी की दुकान के रूप में संचालित होता है। जांच के दौरान अधिकारियों को उत्पाद के लेबल पर केवल मार्केटर का नाम ‘M/s V. S. न्यू फैशन ज़ोन, नासिक’, बैच नंबर, निर्माण तिथि और कीमत दर्ज मिली। हालांकि, उत्पाद का वास्तविक निर्माता कौन है, इसका उल्लेख नहीं था। साथ ही, मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर भी गायब था।
बिना लाइसेंस बिक्री का आरोप, जांच जारी
FDA ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत कार्रवाई करते हुए तेल की 5,040 बोतलों का पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि सैलून के मालिक योगेश भगत के पास इस उत्पाद के निर्माण के लिए कोई मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस अथवा आवश्यक कानूनी अनुमति नहीं थी। जब्त उत्पाद के नमूने जांच और विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं। FDA अब तेल के वास्तविक निर्माता की पहचान करने में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर आकर्षक दावों के जरिए बेचे जा रहे ऐसे उत्पादों की वैधता और सुरक्षा को लेकर इस कार्रवाई ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *