नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में महाराष्ट्र को राष्ट्रीय सम्मान, देश में दूसरा स्थान

मुंबई। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026’ के समापन सत्र में उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन के हाथों महाराष्ट्र को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्य की ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर और ऊर्जा विभाग की अपर मुख्य सचिव आभा शुक्ला ने महाराष्ट्र की ओर से पुरस्कार स्वीकार किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अपारंपरिक ऊर्जा मंत्री अतुल सावे ने राज्य को बधाई दी। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के ‘नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मूल्यांकन ढांचे’ के तहत सामान्य श्रेणी के राज्यों में महाराष्ट्र ने गुजरात के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और संबंधित मंत्रियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में इसकी घोषणा की। मंत्रालय ने पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन के सहयोग से यह मूल्यांकन ढांचा विकसित किया है। इसके तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रदर्शन का आकलन नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में वृद्धि, नीतिगत एवं नियामक व्यवस्था, बिजली ग्रिड की तैयारी, बिजली वितरण कंपनियों के प्रदर्शन तथा निवेश के अनुकूल वातावरण जैसे मानदंडों के आधार पर किया गया। महाराष्ट्र की इस उपलब्धि को राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के विकास और निवेश को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *