सूखे ड्यूरियन फल के पैकेट में 3.72 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा, पुणे एयरपोर्ट पर भारतीय यात्री गिरफ्तार

पुणे। पुणे कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10.642 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.72 करोड़ रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 4 नवंबर 2026 की शाम बैंकॉक से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-291 से पहुंचे एक भारतीय यात्री के खिलाफ की गई। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और एयरपोर्ट बैच अधिकारियों ने यात्री की प्रोफाइलिंग तथा चेक-इन बैगेज की स्कैनिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया। इसके बाद यात्री के ट्रॉली बैग की जांच की गई। बैग में नूडल्स के कई पैकेटों के बीच चांदी जैसे चमकदार आयताकार पैकेट रखे हुए थे। इन पर ‘Freeze Dried Monthong Durian’ यानी सूखे ड्यूरियन फल का लेबल लगा था। जांच में ऐसे कुल नौ पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट के भीतर दोहरी वैक्यूम सीलिंग के साथ काली पॉलीथीन में संदिग्ध पदार्थ छिपाया गया था। पैकेट खोलने पर पीले-हरे रंग के सूखे फूल जैसे हिस्से बरामद हुए। नारकोटिक ड्रग फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर पदार्थ हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा होने की पुष्टि हुई। कस्टम विभाग ने कुल 10.642 किलोग्राम मादक पदार्थ और पैकिंग सामग्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया। आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हैं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *