
पालघर। पालघर पुलिस ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफ़डीए) के अधिकारी बनकर देसी शराब की दुकान के संचालक से कथित तौर पर जबरन वसूली और धमकाने की कोशिश करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने लाइसेंस की जांच के नाम पर दुकान पर पहुंचकर खुद को एफ़डीए अधिकारी बताया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पालघर स्थित एक देसी शराब की दुकान पर पहुंचे और दुकान का आधिकारिक परमिट जांचने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने एनर्जी ड्रिंक के दो कैन लिए और बिना भुगतान किए वहां से जाने का प्रयास किया।
पहचान पत्र मांगने पर करने लगे बदसलूकी
दुकान मालिक और पास के होटल संचालक को दोनों पर संदेह हुआ। उन्होंने आरोपियों से सरकारी पहचान पत्र दिखाने को कहा। पुलिस के मुताबिक, पहचान पत्र मांगने पर दोनों कथित रूप से आक्रामक हो गए और कारोबारियों के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें धमकाने लगे। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उनका एफ़डीए विभाग से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कुणाल भोईर और उदयेश भोईर के रूप में की है। दोनों पालघर जिले के विक्रमगढ़ तालुका स्थित अलोंडे गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी किसी अन्य कारोबारी को इसी तरह निशाना बनाया था या नहीं।

