
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कुर्ला एल विभाग में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि सहायक आयुक्त धनाजी हेर्लेकर के कार्यक्षेत्र में अवैध निर्माण को संरक्षण मिल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार एल वार्ड के अंतर्गत वार्ड नंबर 159, साकीनाका स्थित आजाद मार्केट, जंगलेश्वर मंदिर रोड पर एक बड़े अवैध निर्माण का कार्य जारी है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस निर्माण की जानकारी इमारत एवं कारखाना विभाग के संबंधित पदनिर्देशित अधिकारी और कनिष्ठ अभियंता को है। आरोप यह भी है कि सहायक आयुक्त स्तर तक मामला पहुंचने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस कथित निष्क्रियता को लेकर बीएमसी अधिकारियों और भूमाफियाओं के बीच संभावित मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। मामले को गंभीर बताते हुए मांग की जा रही है कि बीएमसी आयुक्त भूषण गगराणी तथा अन्य उच्चाधिकारी इस पर संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराएं और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




