
भूपेंद्र सिंह/ उन्नाव, उत्तर प्रदेश। कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की साइकिल से हुई जोरदार टक्कर में एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरदोई जनपद के कस्बा मल्लावां निवासी वेद प्रकाश (70) पुत्र कालिका प्रसाद क्षेत्र के ग्राम जगटापुर में अपनी बहन सुधा के घर रहकर एक निजी विद्यालय में चौकीदारी का कार्य करते थे। बुधवार दोपहर वह भोजन लेकर विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे के टोल नाका के निकट सर्विस लेन पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार वेद प्रकाश और बाइक सवार विशाल पुत्र संजय तथा अनिकेत पुत्र सरवन निवासी भारतखेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने वेद प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल विशाल और अनिकेत की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



