
पालघर। पालघर में गोल्ड सिनेमा हॉल के पास 27 वर्षीय महिला पर हँसिया(दरांती) से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता स्नेहल सावंत पालघर जिला कलेक्टर कार्यालय के राजस्व विभाग में कार्यरत हैं। यह सनसनीखेज घटना 12 जून की शाम करीब 6:13 बजे हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद व्यापक चर्चा का विषय बन गया। फुटेज में देखा गया कि स्नेहल सावंत सड़क पर पैदल जा रही थीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने उन पर दरांती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उनकी गर्दन और कमर को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान अमोल मुले के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर पीड़िता के साथ रिश्ते में था। प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों के बीच चल रहे विवाद और तनाव को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कथित रूप से आत्महत्या करने की भी कोशिश की। बताया गया है कि उसने पहले फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट गई। इसके बाद उसने जहर खाकर जान देने की भी कोशिश की।स्थानीय पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) को आरोपी के वरखुंती के वाडी क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उपचार के लिए पालघर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस हमले के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हमले के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

