
मुंबई। टाटा मुंबई मैराथन में रविवार को स्टार पावर और पारिवारिक भावना का अनोखा संगम देखने को मिला, जब अभिनेता आमिर खान अपने पूरे परिवार के साथ इस प्रतिष्ठित आयोजन में शामिल हुए। शहर के मशहूर रूट पर हजारों धावकों के बीच आमिर अपने परिवार के साथ “होम रन स्क्वाड” नाम के ग्रुप के तहत दौड़ते नजर आए। इस ग्रुप में आमिर खान, उनकी पूर्व पत्नी किरण राव, बेटी इरा खान, बेटे जुनैद खान और दामाद नूपुर शिखारे शामिल थे। परिवार ने पानी फाउंडेशन और अगात्सु फाउंडेशन के समर्थन में यह दौड़ लगाई। मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने इस मैराथन में शामिल होने की प्रेरणा का श्रेय अपनी बेटी इरा को दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि सच कहूं तो उन्होंने कभी इसके बारे में सोचा भी नहीं था, लेकिन इरा ने उन्हें यहां आने के लिए मजबूर किया और वही पूरे परिवार की प्रेरणा बनी। 60 वर्षीय अभिनेता ने विशेष रूप से दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक धावकों की ऊर्जा और जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज जो जुनून और हौसला उन्होंने देखा, उसे देखकर लगता है कि उन्हें हर साल इस मैराथन में हिस्सा लेना चाहिए। आमिर ने मुंबई के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि यह वाकई कमाल का है। इस अवसर पर आमिर खान ने अपनी फिटनेस फिलॉसफी भी साझा की। उन्होंने कहा कि इंसान जैसा खाता है, वैसा ही बनता है। सही डाइट सबसे ज़रूरी है, उसके बाद आठ घंटे की अच्छी नींद और फिर वर्कआउट। अगर खान-पान और नींद सही नहीं है, तो सिर्फ जिम जाने से कोई फायदा नहीं होता। मैराथन में परिवार के सदस्यों ने अलग-अलग दूरी तय की। आमिर खान, किरण राव, इरा खान और आज़ाद ने 5.9 किलोमीटर की ड्रीम रन पूरी की। जुनैद खान ने 10 किलोमीटर की दौड़ लगाई, जबकि फिटनेस ट्रेनर नूपुर शिखारे ने पूरी 42 किलोमीटर की फुल मैराथन पूरी कर सबको प्रभावित किया। मैराथन का रूट छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मरीन ड्राइव, बांद्रा-वर्ली सी लिंक और हाजी अली जैसे मुंबई के प्रमुख स्थलों से होकर गुज़रा। मीडिया से बातचीत के दौरान आमिर खान ने मुंबई की खराब होती हवा और प्रदूषण की समस्या पर भी प्रतिक्रिया दी। प्रदूषण को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हां, उन्हें इस स्थिति का एहसास है और मुंबई के लोग किसी हद तक इसके आदी हो चुके हैं। वहीं किरण राव ने नागरिक भागीदारी पर ज़ोर देते हुए कहा कि सभी को अपनी आवाज़ उठानी होगी, समस्याओं के कारणों को समझना होगा और अपने शहर की एयर क्वालिटी सुधारने के लिए एक जिम्मेदार नागरिक की तरह योगदान देना होगा। आमिर ने भी उनकी बात का समर्थन करते हुए लोगों से सकारात्मक तरीके से आगे आने की अपील की। गौरतलब है कि मैराथन से पहले ही आमिर खान का परिवार सोशल मीडिया के जरिए इस पहल के लिए समर्थन जुटा रहा था। इरा खान ने पोस्ट कर कहा था कि पानी और अगात्सु फाउंडेशन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बहुत गहरी है और वे सभी से वहीं मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में बदलाव के लिए दौड़ने, हंसी, अफरा-तफरी और भावनाओं से भरे इस अनुभव की झलक दिखाई गई थी।




