सांप के पैरों से लिपटते ही घबराया युवक, बेहोश होकर गिरा, अस्पताल में मौत
डॉक्टरों के मुताबिक, युवक को सांप ने नहीं काटा था, परिजनों ने बताया कि घटना के बाद उसके मन में सांप के डसने का डर बैठ गया था

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर कस्बे के एक युवक की सांप के डर से मौत होने का मामला सामने आया है। युवक उत्तराखंड के किच्छा में निजी नौकरी करता था। बुधवार सुबह ड्यूटी पर जाते समय एक काला सांप अचानक उसके पैरों से लिपट गया। सांप को देखकर वह घबरा गया और उसे ईंट से मारने का प्रयास किया, लेकिन सांप वहां से निकल गया। इसके कुछ ही देर बाद युवक बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि युवक को सांप ने डसा नहीं था। बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी नरेश चंद्र कश्यप का 35 वर्षीय पुत्र राहुल कश्यप किच्छा में रहकर निजी नौकरी करता था। बुधवार सुबह वह पैदल काम पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक काला सांप उसके पैरों से लिपट गया। सांप को देखकर राहुल बुरी तरह घबरा गया और उसने ईंट से सांप पर वार करने की कोशिश की, लेकिन सांप वहां से भाग निकला। घटना के बाद राहुल के मन में सांप के काटने का डर बैठ गया। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, चिकित्सकों ने बताया कि राहुल को सांप ने नहीं काटा था। दोपहर बाद परिजन शव लेकर बीसलपुर पहुंचे। राहुल का शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शाम को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक की मौत से पिता नरेश चंद्र कश्यप, मां नन्हीं देवी, भाई अरविंद कुमार, रवि कुमार, अशोक कुमार और लखन कुमार तथा बहन खुशबू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
