राजकुमार वानखेड़े ने मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का पदभार संभाला
भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा के 1990 बैच के अधिकारी, रेलवे और मेट्रो परियोजनाओं में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव

मुंबई। श्री राजकुमार वानखेड़े ने मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक (Additional General Manager) का पदभार संभाल लिया है। वे भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (IRSE) के वर्ष 1990 बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वे उत्तर मध्य रेलवे में अपर महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वानखेड़े ने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, औरंगाबाद से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), मुंबई से एम.टेक. की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें भारतीय रेल, निर्माण संगठनों, राइट्स (RITES) और मेट्रो क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न मंडलों और संगठनों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इनमें पश्चिम रेलवे के रतलाम और वडोदरा मंडल, दक्षिण मध्य रेलवे का नांदेड़ मंडल तथा पश्चिम रेलवे, मध्य रेल और उत्तर मध्य रेलवे के निर्माण संगठन शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने राइट्स और नागपुर मेट्रो में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। पश्चिम रेलवे के निर्माण संगठन में कार्यकाल के दौरान उन्होंने इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (EPC) तथा कंसल्टेंसी अनुबंधों की शुरुआत और उन्हें संस्थागत रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्माण क्षेत्र में उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में नई रेल लाइन, दोहरीकरण और मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं के तहत सुरंगों तथा बड़े पुलों के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण रेल अवसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन में योगदान दिया है। नागपुर मेट्रो में परियोजना प्रमुख (Project Head) के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने जटिल शहरी परिवहन अवसंरचना और मेट्रो निर्माण परियोजनाओं का अनुभव प्राप्त किया। मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उनसे अपने व्यापक तकनीकी और प्रशासनिक अनुभव के माध्यम से रेलवे के विकास को गति देने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने में योगदान की अपेक्षा है।
