यूपी में भाजपा तीसरी बार बनाएगी सरकार, नया रिकॉर्ड भी बनेगा: योगी आदित्यनाथ

‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री का दावा—मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के दम पर जनता के बीच जाएगी भाजपा, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी न केवल जीत की हैट्रिक लगाएगी, बल्कि नया रिकॉर्ड भी कायम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और उसका आशीर्वाद प्राप्त करेगी। एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ प्रचंड जीत हासिल करेगी। इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बदली पहचान और विकास पर जिसे भी गौरव है, वह भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर देगा। योगी ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच वर्ष तक सरकार चलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।
सपा-कांग्रेस पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज का माहौल था। उनके मुताबिक, थाने, तहसील और जिलों को बंधक बनाने की कोशिशें होती थीं। कर्फ्यू, दंगे, लूट-खसोट और खराब कानून-व्यवस्था उत्तर प्रदेश की पहचान बन गए थे। भाजपा अपने सहयोगियों के साथ चुनाव में इन मुद्दों को जनता के सामने रखेगी। ‘80-20’ के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में योगी ने कहा कि भाजपा पहले भी उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया। उनके अनुसार, पहले बेटियां असुरक्षित थीं, व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया जाता था और युवाओं की नौकरियों पर सेंध लगाई जाती थी। उन्होंने सपा सरकार पर तुष्टीकरण और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में राजनीति का अपराधीकरण हो गया था। मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ को तत्कालीन व्यवस्था की पहचान बताते हुए भर्ती आयोगों में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले लोगों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाते थे।
एचसीएल कैंपस में 100 से बढ़कर 18 हजार कर्मचारी
कानून-व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक के कैंपस का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में वहां करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि आज कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 18 हजार हो गई है। योगी ने कहा कि कैंपस में काम करने वाली कई युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। उन्होंने बताया कि रात दो बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी कुछ युवतियां अपनी बाइक से घर लौटती हैं और उन्हें किसी तरह का भय नहीं लगता। मुख्यमंत्री के मुताबिक, युवतियों का यह जवाब प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का प्रमाण है।
सुरक्षित माहौल से बढ़ा निवेश का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षित वातावरण बनने से निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है और इस दिशा में काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले आयोजित इन्वेस्टर्स समिट का जिक्र करते हुए तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। योगी ने आरोप लगाया कि उस समय निवेशकों का भरोसा प्रदेश पर नहीं था। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री पर नोएडा जाने से बचने और दंगाइयों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। योगी ने कहा कि आज प्रदेश में दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई होती है। उन्होंने दावा किया कि अब किसी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यही उत्तर प्रदेश की बदली हुई पहचान और नई छवि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *