
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने किया उद्घाटन, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को करेगी जागरूक
इंद्र यादव/ठाणे। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ठाणे पुलिस आयुक्तालय ने सोमवार, 31 अगस्त को ‘ट्रैफिक स्कूल ऑन व्हील्स’ की शुरुआत की। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस विशेष मोबाइल बस का उद्घाटन किया। यह बस स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों से लेकर ऑटो, टैक्सी और बस चालकों तक पहुंचकर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देगी। उद्घाटन समारोह में ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपलोळकर, कल्याण-डोंबिवली की महापौर हर्षाली चौधरी, विधायक संजय केळकर, विधायक रविंद्र फाटक, ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, सह पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण और यातायात पुलिस उपायुक्त पंकज नवनाथ शिरसाट सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन केवल जुर्माना या चालान तक सीमित मामला नहीं है। सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही किसी व्यक्ति की जान लेने के साथ पूरे परिवार को जिंदगीभर का दुख दे सकती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए किया जाना चाहिए। ‘ट्रैफिक स्कूल ऑन व्हील्स’ को एक चलती-फिरती यातायात पाठशाला के रूप में तैयार किया गया है। इसके माध्यम से स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को कम उम्र से ही रोड सेफ्टी, सुरक्षित ड्राइविंग और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क पर व्यवहार करने की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ऑटो रिक्शा, टैक्सी, बस एवं अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को लेन अनुशासन, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाएगा। मोबाइल बस के जरिए हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, सुरक्षित गति तथा वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और उसके जानलेवा परिणामों के बारे में भी आधुनिक ऑडियो-विजुअल माध्यमों से लोगों को समझाया जाएगा। ठाणे से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को केवल पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी तक सीमित न रखकर नागरिकों की सहभागिता से जनजागरूकता अभियान का रूप देना है। ‘ट्रैफिक स्कूल ऑन व्हील्स’ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों तक सीधे सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाएगी, ताकि यातायात नियमों के पालन को आदत बनाया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

