
टीचर्स सेल्फ केयर टीम अब तक 680 से अधिक शिक्षक परिवारों को दे चुकी है 268 करोड़ रुपये की सहायता
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। टीचर्स सेल्फ केयर टीम उन्नाव की ओर से दिवंगत शिक्षकों के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शिक्षक परिवारों के सहयोग और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षक की सोच ऐसी होती है, जो अपने साथ दूसरों के हित के बारे में भी सोचती है। शिक्षक ही लीक से हटकर समाज के लिए नई दिशा और नए विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि शिक्षक समाज समय-समय पर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता रहा है और यह कार्यक्रम भी शिक्षक समाज की एकता और परस्पर सहयोग का अनुकरणीय उदाहरण है।प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव रजक ने कहा कि टीम अपनी वर्तमान योजना में सफल रही है। भविष्य में भी शिक्षकों का इसी तरह सहयोग मिलता रहा तो नए कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने सामूहिक सहयोग के जरिए वह करके दिखाया है, जो सामान्य तौर पर किसी संगठन के लिए आसान नहीं होता।प्रदेश महामंत्री सुदेश पाण्डेय ने कहा कि सहयोग के मामले में उन्नाव पिछले दो वर्षों में 45वें स्थान से दसवें स्थान तक पहुंच गया है। अब प्रयास होना चाहिए कि जिले के शत-प्रतिशत शिक्षक योजना से जुड़ें और जरूरत के समय प्रत्येक शिक्षक परिवार को इसका लाभ मिल सके।प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद ने बताया कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम अब तक बिना किसी बाहरी सहायता के दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को 268 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुकी है। अब तक 680 से अधिक दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने घोषणा की कि दिवंगत शिक्षकों की स्मृति में प्रयागराज में एक ‘शिक्षक पथ’ बनाया जाएगा। यहां प्रत्येक दिवंगत शिक्षक के नाम पर पीपल का पौधा लगाया जाएगा और उसके संरक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी ने शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि शिक्षकों के परिवार में बच्चे के जन्म, किसी सदस्य के निधन अथवा स्वयं शिक्षक के विवाह के अवसर पर 15 दिन के विशेष अवकाश की व्यवस्था की जाए।टीचर्स सेल्फ केयर टीम की जिला कार्यकारिणी ने सभी ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों को कार्यभार ग्रहण पत्र सौंपे। कार्यक्रम में उपस्थित 500 से अधिक शिक्षकों को आभार पत्र भी प्रदान किए गए। जिला कार्यकारिणी की ओर से अतिथियों और पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, वरिष्ठ शिक्षाविद ज्ञानेंद्र शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष डीएसडीएफ प्रियंका शुक्ला, श्रद्धा बाजपेई तथा विभिन्न शैक्षणिक संगठनों के जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, विवेक तिवारी, अनुपम मिश्रा, कृष्ण शंकर मिश्रा, शिवेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र प्रकाश और सचिन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।इसके अलावा हरदोई, जालौन, औरैया, मेरठ, कन्नौज और लखनऊ के जिला संयोजक एवं प्रांतीय पदाधिकारी, जिला संरक्षक अरविंद सिंह, जिला संयोजक कमल दीक्षित, जिला प्रवक्ता अनुज कुमार वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विश्वनाथ तिवारी, आईटी सेल प्रभारी आशुतोष गौड़, आशुतोष त्रिपाठी, पीयूष त्रिवेदी, राहुल वर्मा, श्रीकांत तिवारी, मोहित मिश्रा, प्रीति मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, कुलदीप कुमार और संजय सिंह समेत एक हजार से अधिक शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ तिवारी ने किया।

