
इंद्र यादव/मुंबई। मुंबई में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमआईडीसी पुलिस ने जोगेश्वरी पूर्व इलाके में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 3.5 करोड़ रुपये कीमत की 302 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सप्लायर का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, एमआईडीसी पुलिस की टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान जोगेश्वरी पूर्व में एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 302 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एमआईडीसी पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
ड्रग्स नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से पहुंची और इसे मुंबई में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों और उसके पीछे सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट की भी जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और लोग भी जुड़े हो सकते हैं। इसलिए आरोपी से पूछताछ के आधार पर संभावित सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हुआ है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

