
इंद्र यादव/ मुंबई। मुंबई के कुर्ला ईस्ट स्थित इंदिरा नगर में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पास की झुग्गी-झोपड़ियों पर गिर गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यह हादसा बंटारा भवन, म्हाडा बिल्डिंग और गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में हुआ, जहां अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे। क्रेन गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की सूची
सायन अस्पताल में भर्ती:
रेयान खान (18) – अंदरूनी चोट
अतिकूर रहमान (60) – अंदरूनी चोट
अभास सलीम खान (30) – अंदरूनी चोट
हुकूम शेख (36) – सिर में चोट
नुमान खान (21) – घुटने में चोट
जगरूल्ला नोबी मोहम्मद खान (63) – बाएं पैर में चोट
भाभा अस्पताल, कुर्ला में भर्ती:
सूरज याम (10) – दोनों पैरों और कंधे में चोटअकबर खान (30) – पैर में चोट
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे के बाद प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर यह पता लगाया जा रहा है कि क्रेन के गिरने का कारण क्या था और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास भारी मशीनरी के संचालन में अतिरिक्त सावधानी बरती जानी चाहिए थी, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं तथा हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

