
मुंबई। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए छत्रपति संभाजीनगर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए पैठण में 100 बेड के उपजिला अस्पताल तथा पाचोड में 50 बेड के ग्रामीण अस्पताल की स्थापना का विशेष प्रस्ताव तैयार किया जाए। यह निर्देश महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने संबंधित अधिकारियों को दिए। गुरुवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक विलास (बापू) संदीपान भुमरे की उपस्थिति में पैठण और पाचोड की स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पैठण दक्षिण काशी के रूप में प्रसिद्ध महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है और आगामी कुंभ मेले के दौरान यहां श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए यहां 100 बेड के उपजिला अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव विशेष मामले के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष भी प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तथा तीन जिलों की सीमा से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र पाचोड में बढ़ती आबादी और यातायात को ध्यान में रखते हुए 50 बेड के ग्रामीण अस्पताल का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में छत्रपति संभाजीनगर के 400 बेड वाले महिला अस्पताल के शीघ्र लोकार्पण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री आबिटकर ने अस्पताल में आवश्यक मानव संसाधन, चिकित्सा उपकरण और आधारभूत सुविधाओं की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैठण और पाचोड में प्रस्तावित स्वास्थ्य संस्थानों तथा नए महिला अस्पताल के शुरू होने से जिले की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। कुंभ मेले और बढ़ते धार्मिक पर्यटन को देखते हुए नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त संजय काटकर, सह-संचालक डॉ. सुनीता गोल्हाईत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

