HomeCrimeनेरुल में रोड रेज का खौफनाक मामला: ओला ड्राइवर पर लोहे की...

नेरुल में रोड रेज का खौफनाक मामला: ओला ड्राइवर पर लोहे की रॉड से हमला, 2 किलोमीटर तक बोनट पर लटकाकर घसीटा

एआई इमेज

इंद्र यादव/नवी मुंबई। नवी मुंबई के नेरुल स्थित पाम बीच रोड पर रोड रेज की एक बेहद सनसनीखेज और अमानवीय घटना सामने आई है। मामूली ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में एक कार चालक ने ओला ड्राइवर पर पहले लोहे की रॉड से हमला किया और फिर घायल अवस्था में उसे लगभग दो किलोमीटर तक अपनी कार के बोनट पर लटकाकर घसीटता रहा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ओला चालक प्रवीण पांडे रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान पाम बीच रोड पर ओवरटेक करने को लेकर उनकी एक कार चालक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में लोहे की रॉड से प्रवीण के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। हमले के बाद आरोपी कार लेकर भागने लगा। घायल प्रवीण ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इस दौरान प्रवीण संतुलन खोकर कार के बोनट पर गिर पड़े और जान बचाने के लिए विंडशील्ड वाइपर को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने कार नहीं रोकी और करीब दो किलोमीटर तक प्रवीण को बोनट पर लटकाए रखा। घायल चालक लगातार मदद के लिए पुकारता रहा, लेकिन आरोपी ने कोई रहम नहीं दिखाया। बाद में उसने प्रवीण को सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रवीण को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर महानगरों में बढ़ती रोड रेज की घटनाओं और सड़क पर बढ़ती आक्रामकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मामूली विवाद का हिंसक रूप लेना न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सड़क पर सफर करने वाले आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments