HomeArchitectureCorruptionउन्नाव में दोहरी रजिस्ट्री का मामला: जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर...

उन्नाव में दोहरी रजिस्ट्री का मामला: जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत चार पर धोखाधड़ी का मुकदमा

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत चार लोगों के खिलाफ कथित धोखाधड़ी, साजिश और पहले से बिक चुकी जमीन का दोबारा बैनामा कराकर अवैध कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह के दिवंगत पति अजीत सिंह ने 11 अप्रैल 2000 को मोहल्ला आदर्श नगर स्थित गाटा संख्या 3484 की आधी भूमि अन्य खरीदारों के साथ विधिवत बैनामे के माध्यम से खरीदी थी। उस समय विक्रेता की ओर से छगन लाल को मुख्तारआम प्राप्त था, जिसके आधार पर बिक्री की प्रक्रिया पूरी की गई थी। शकुन सिंह का कहना है कि वर्ष 2004 में उनके पति के निधन के बाद उन्हें इस संपत्ति की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने भूमि का दाखिल-खारिज अपने नाम करा लिया। आरोप है कि इसके बावजूद वर्ष 2012 में छगन लाल ने उसी भूमि का दोबारा बैनामा कथित रूप से पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह और उनकी पत्नी रमा सिंह के नाम कर दिया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सभी आरोपियों को यह जानकारी थी कि उक्त भूमि वर्ष 2000 में पहले ही बेची जा चुकी थी। इसके बावजूद आपसी साजिश के तहत दोबारा बैनामा कराकर जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े सभी दस्तावेजों, राजस्व अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments