
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। गहोई कुलभूषण राष्ट्रकवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त की 140वीं जयंती के अवसर पर गहोई वैश्य समाज, निवाड़ी द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघर्ष सेवा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गहोई वैश्य महासभा के उपाध्यक्ष मोहन बड़कुल (बामौर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गहोई वैश्य समाज, निवाड़ी के अध्यक्ष शंकरलाल बडोनिया ने की। कार्यक्रम की शुरुआत निवाड़ी तिगैला से निकाली गई भव्य बाइक रैली से हुई, जिसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद गहोई धर्मशाला से डीजे, बग्गी और घोड़ों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा खंदिया वाले श्री हनुमान मंदिर तक पहुंची और बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के जयघोष के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने राष्ट्रकवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त, भगवान लखनलाल एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, तिलक-वंदन और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद स्थानीय समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर 75 वर्ष से अधिक आयु के समाज के 34 वरिष्ठजनों का शॉल, श्रीफल एवं भगवान श्री लखनलाल का चित्र भेंट कर सम्मान किया गया। गहोई वैश्य महासभा के उपाध्यक्ष मोहन बड़कुल ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के जीवन, साहित्य और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त को महान क्रांतिकारी, श्रेष्ठ विचारक और उत्कृष्ट साहित्यकार बताते हुए कहा कि उनका साहित्य आज भी समाज को राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने समाज से संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि “संगठन में ही शक्ति निहित है। यदि समाज संगठित रहेगा तो कोई भी उसे झुका नहीं सकेगा, बल्कि जनप्रतिनिधि और नेतृत्व स्वयं समाज के द्वार तक आने को विवश होंगे। गहोई वैश्य समाज, निवाड़ी के अध्यक्ष शंकरलाल बडोनिया ने सफल आयोजन के लिए समाज के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में संतोष धूसर, राजेंद्र खरया, दीपू नगरिया, सुधीर धूसर, सौरभ इटौंदिया, पुरुषोत्तम धूसर, पुष्कर सहित समिति के अन्य सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार शिव कुमार गुप्त ‘मामा जी’ ने किया। उनके संचालन और काव्य प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरंजन जैन, जिला शिक्षा अधिकारी (पन्ना) श्रीमती आकांक्षा गुप्ता, अरविंद रेजा, सुरेश कठिल, जयप्रकाश नौगरैया तथा रजुल शेखर सहित अन्य वक्ताओं ने भी राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन पर गहोई वैश्य समाज, निवाड़ी द्वारा आयोजित सामूहिक भोज में समाज के सभी परिवारों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता और सौहार्द का परिचय दिया।





