
वाराणसी, उत्तर प्रदेश। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री गुरु रविदास जन्मस्थान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों एवं संदेशों को स्मरण किया।
समता, सद्भाव और कर्म का संदेश आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समता, सद्भाव और कर्म की साधना पर आधारित समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, मानवता और लोककल्याण के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार और आदर्श आज भी समाज को एकता के सूत्र में बांधने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनके संदेश सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।
‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ
संत रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर शुरू किए गए ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से उनके समता, सद्भाव, कर्म और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास जी महाराज को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठने और समरस समाज के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के आदर्श केवल किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका संदेश संपूर्ण मानव समाज के कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत है।

