HomeArchitectureBreaking‘ड्रग फ्री मुंबई’ अभियान का आगाज: CM फडणवीस बोले- ड्रग्स के कारोबार...

‘ड्रग फ्री मुंबई’ अभियान का आगाज: CM फडणवीस बोले- ड्रग्स के कारोबार का करेंगे पूरी तरह सफाया

स्कूल-कॉलेजों पर विशेष नजर, नशे की जानकारी देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय, उपयोगी सूचना पर मिलेगा पुरस्कार

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए महाराष्ट्र में ‘ड्रग फ्री मुंबई’, ‘ड्रग फ्री महाराष्ट्र’ और ‘ड्रग फ्री भारत’ की दिशा में व्यापक अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के वरली डोम में ‘ड्रग फ्री मुंबई’ अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश और युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ी चुनौती है। इसके लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर काम करना होगा। कार्यक्रम में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री तथा नशामुक्ति जनजागृति अभियान की उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढा, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, विभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल, मुंबई उपनगर जिलाधिकारी सौरभ कटियार, मुंबई शहर जिलाधिकारी आंचल गोयल सहित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, काउंसलर, चिकित्सा विशेषज्ञ, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
युवाओं को ड्रग्स के जाल में फंसाना देश को कमजोर करने की साजिश – फडणवीस
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भारत विज्ञान, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष अनुसंधान और रक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में देश की युवा शक्ति को नशीले पदार्थों के जाल में फंसाकर भारत को भीतर से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने ड्रग्स को इस छिपे हुए युद्ध का बेहद खतरनाक हथियार बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ लड़ाई को प्रत्येक नागरिक को अपनी लड़ाई समझना होगा।उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, स्कूली शिक्षा विभाग, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी और सामाजिक संगठनों को समन्वय के साथ काम करना होगा।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास ड्रग्स बेचने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ड्रग्स के निर्माण, तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास नशीले पदार्थ बेचने वाले गिरोहों का पूरी तरह सफाया करने पर जोर दिया जाएगा। फडणवीस ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि वे स्वयं ‘ड्रग्स को ना’ कहने का दृढ़ संकल्प लें, तो उन्हें नशे की गिरफ्त में धकेलना आसान नहीं होगा। सरकार अगले दो से चार वर्षों में ‘ड्रग फ्री मुंबई’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
ड्रग्स की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय, मिलेगा पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को समाज की ‘आंख और कान’ बताते हुए नशे की गिरफ्त में जा रहे लोगों तथा ड्रग्स का कारोबार करने वालों के संबंध में जानकारी देने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि ड्रग्स से संबंधित सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। राज्य की सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और कॉलेजों के प्राचार्यों को इस संबंध में पत्र भेजे जाएंगे। सरकार ‘ड्रग फ्री स्कूल’ और ‘ड्रग फ्री कैंपस’ की अवधारणा को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सहयोग करेगी।
नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के पुनर्वास पर भी जोर
अभियान में केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से किसी भी प्रलोभन में आए बिना नशीले पदार्थों को स्पष्ट रूप से नकारने की अपील की। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए फडणवीस ने कहा कि युवा शक्ति समाज के लिए विनाशकारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जीवनदायी शक्ति बननी चाहिए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रेरणा से ‘ड्रग फ्री मुंबई’ के संकल्प को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया और उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज की शपथ दिलाई।
‘ड्रग फ्री मुंबई’ को बनाएंगे जन आंदोलन – मंगलप्रभात लोढा
मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने कहा कि ‘ड्रग फ्री मुंबई’ केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से बनने वाला जन आंदोलन है। मुंबई को पूरी तरह नशामुक्त बनाने तक अभियान लगातार जारी रहेगा। स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जनजागृति, काउंसलिंग और नशा रोकथाम से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के अन्य वर्गों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
लोढा ने बताया कि 15 अगस्त से ‘सीएम महाधन’ कौशल विकास योजना शुरू की जाएगी। पहले चरण में एक लाख युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।
मुंबई में 4 हजार से अधिक समितियां, एक हजार से ज्यादा प्रशिक्षित काउंसलर
अभियान के तहत मुंबई के स्कूलों और कॉलेजों में चार हजार से अधिक मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग समितियां गठित की गई हैं। इसके साथ ही एक हजार से अधिक प्रशिक्षित काउंसलरों का नेटवर्क तैयार किया गया है। अभियान के शुभारंभ के दौरान चार हजार से अधिक स्कूल-कॉलेजों के पांच लाख से ज्यादा विद्यार्थी, अभिभावक और नागरिक मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संवाद से जुड़े। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘नशामुक्त मुंबई’ अभियान के लिए भेजे गए संदेश को बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर ‘ट्रेनिंग मैन्युअल फॉर काउन्सेलर्स’ प्रशिक्षण पुस्तिका का भी विमोचन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments