HomeArchitectureBreakingआयकर विभाग जनमित्र संस्था के रूप में स्थापित हुआ है: राज्यपाल जिष्णु...

आयकर विभाग जनमित्र संस्था के रूप में स्थापित हुआ है: राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा

मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने आयकर विभाग की पारदर्शिता, कर अनुपालन को सरल बनाने और करदाताओं का विश्वास मजबूत करने की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग ने स्वयं को एक जनमित्र संस्था के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि कभी ‘डर पैदा करने वाले टैक्समैन’ की छवि रखने वाला आयकर विभाग आज आम नागरिकों का विश्वास जीतने वाली संस्था बन चुका है। शुक्रवार को राज्यपाल मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित कौटिल्य भवन में आयोजित 167वें आयकर दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में आयकर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। करों से प्राप्त राजस्व के माध्यम से विद्यालयों, अस्पतालों, सड़कों, आधारभूत ढांचे तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का विकास संभव हो रहा है, जो देश की प्रगति का आधार है। राज्यपाल ने कहा कि प्रत्यक्ष कर संग्रह के मामले में महाराष्ट्र देश में अग्रणी है और मुंबई देश की आर्थिक राजधानी के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। उन्होंने मुंबई मेट्रो विस्तार, कोस्टल रोड परियोजना, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक तथा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर जैसी प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये करदाताओं के योगदान के प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। इन परियोजनाओं से बेहतर परिवहन, मजबूत संपर्क व्यवस्था, आर्थिक विकास और आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे को गति मिल रही है। राज्यपाल ने नागरिकों से समय पर एडवांस टैक्स जमा करने की अपील करते हुए कहा कि इसे प्रत्येक करदाता को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखना चाहिए, क्योंकि यही राष्ट्र निर्माण और विकास का आधार है। इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई आलोक कुमार ने कहा कि आयकर विभाग ने तकनीक के माध्यम से सेवाओं को पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और पारदर्शी बनाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में आयकर रिटर्न की प्रक्रिया पूरी होने में औसतन 82 दिन लगते थे, जबकि अब यह प्रक्रिया कुछ ही दिनों में पूरी हो जाती है और रिफंड भी तेजी से जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक अपनाने के मामले में आयकर विभाग सरकारी विभागों में अग्रणी है। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आय में मुंबई का योगदान देश के कई राज्यों से भी अधिक है। समारोह में फिल्म अभिनेता विक्की कौशल भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयकर विभाग को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयकर दिवस समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments