
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस के अवसर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय में ‘महापौर चिकित्सा सहायता निधि कक्ष’ का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष की तर्ज पर शुरू किए गए इस कक्ष का उद्देश्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को पारदर्शी और त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में विधायक अमित साटम ने कक्ष का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमहापौर संजय घाडी, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष के प्रमुख एवं मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी रामेश्वर नाईक, विभिन्न समिति अध्यक्षों, नगरसेवकों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान 10 मरीजों के परिजनों को महापौर चिकित्सा सहायता निधि के चेक वितरित किए गए। वहीं विधायक अमित साटम ने निधि के लिए 25 हजार रुपये का योगदान भी महापौर ऋतु तावड़े को सौंपा।महापौर ऋतु तावड़े ने बताया कि वर्तमान में महापौर निधि से जरूरतमंद मरीजों और आपात परिस्थितियों में 25 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। लेकिन गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीब मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिक प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष की तर्ज पर इस नए कक्ष की स्थापना की गई है।उन्होंने बताया कि इस कक्ष के माध्यम से पात्र मरीजों के आवेदनों की जांच कर मंजूरी के बाद उपचार के लिए आवश्यक राशि सीधे संबंधित अस्पताल के नाम चेक के जरिए जारी की जाएगी। प्रयास रहेगा कि पात्र मरीजों को एक सप्ताह के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी जाए।महापौर चिकित्सा सहायता निधि के माध्यम से कैंसर, हृदय रोग, लिवर, मस्तिष्क संबंधी बीमारियों, बच्चों की गंभीर सर्जरी तथा अन्य गंभीर रोगों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। महापौर ऋतु तावड़े ने कहा कि कोई भी जरूरतमंद मरीज केवल आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे, इसी सामाजिक उद्देश्य के साथ यह पहल शुरू की गई है। आने वाले समय में इस कक्ष को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाया जाएगा।

