
मुंबई। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बारिश का जोर जारी है। भारी बारिश के बीच बिजली गिरने, भूस्खलन, पेड़ गिरने, बाढ़ और अन्य संबंधित घटनाओं में जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, रायगढ़, सातारा और पुणे जिलों में भूस्खलन और मडफ्लो की घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। बिजली गिरने की घटनाओं में नासिक, अहिल्यानगर, कोल्हापुर, नांदेड, धुले, जलगांव, जालना, पुणे, चंद्रपुर, सोलापुर, यवतमाल, नागपुर, गडचिरोली, भंडारा, वर्धा, लातूर, छत्रपति संभाजीनगर और नंदुरबार जिलों में 23 लोगों की मौत हुई है और 17 लोग घायल हुए हैं। पेड़ गिरने की घटनाओं में अहिल्यानगर, पुणे, सातारा, सोलापुर, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, भंडारा और अकोला जिलों में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं में 11 पशुओं की भी मौत हुई है और सात पशु घायल हुए हैं। बाढ़ या बाढ़ से संबंधित घटनाओं में वर्धा, पालघर, पुणे और रत्नागिरी जिलों में दो लोगों की मौत हुई है। इन घटनाओं में किसी पशु की मौत दर्ज नहीं की गई है। इसके अलावा जालना, रायगढ़, पालघर, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी और सातारा जिलों में भारी बारिश के कारण पांच पशुओं की मौत हुई है। बारिश से संबंधित विभिन्न दुर्घटनाओं में अब तक कुल 37 लोगों की मौत और 33 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने नागरिकों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और आपदा से बचाव संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ठाणे में सर्वाधिक 196.9 मिमी बारिश दर्ज
जिलेवार बारिश के दोपहर 4 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में औसतन 31.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में ठाणे जिले में सर्वाधिक 196.9 मिमी बारिश हुई। इसके बाद पालघर में 185.4 मिमी, रायगढ़ में 134.1 मिमी, मुंबई उपनगर में 125 मिमी, पुणे में 69.4 मिमी और मुंबई शहर में 62.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।एक जून से अब तक हुई कुल बारिश के आंकड़ों के अनुसार, रायगढ़ जिला 1,480.7 मिमी बारिश के साथ राज्य में सबसे आगे है। इसके बाद पालघर में 1,295.4 मिमी, रत्नागिरी में 1,273.4 मिमी, ठाणे में 1,103 मिमी और सिंधुदुर्ग में 1,001.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, एक जून से अब तक मुंबई शहर में कुल 510.7 मिमी और मुंबई उपनगर में 512.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। राज्य के कोंकण, उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में मानसून सक्रिय है। महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। लगातार हो रही बारिश से राज्य में मानसून के सक्रिय होने की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।



