
मुंबई/इंद्र यादव। मुंबई के भांडुप इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंकण नगर इलाके में ओशिवारा डिपो की एक बीईएसटी बस कथित रूप से चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। हादसे में 43 वर्षीय एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिल और एक ऑटो-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गए। घायल व्यक्ति को मुलुंड के अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। ओशिवारा डिपो की बस क्रमांक 4047 रूट नंबर A-425/32 पर चल रही थी। बस चालक जब वाहन को कोंकण नगर की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहा था, तब संकरा रास्ता होने के कारण बस सही तरीके से नहीं मुड़ सकी। इसके बाद चालक ने बस को पीछे लेने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि उसी दौरान बस के पीछे 43 वर्षीय अतुल अनंत पाडवे मौजूद थे। बस पीछे लेते समय उसका पिछला हिस्सा अतुल से टकरा गया और वह बस तथा वहां रखे एक बड़े सीमेंट प्लांटर के बीच दब गए। हादसे में अतुल की दोनों जांघों में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े। अतुल को बस और सीमेंट प्लांटर के बीच फंसा देखकर लोगों ने उन्हें बाहर निकालने के लिए बस को आगे धकेलने का प्रयास किया। इसी दौरान बस एक बार फिर अनियंत्रित हो गई और आगे की ओर बढ़ते हुए पार्किंग में खड़ी दो मोटरसाइकिलों और एक ऑटो-रिक्शा से जा टकराई। बस की दूसरी टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल व्यक्ति को बचाने में मदद की। इसके बाद बस कंडक्टर ने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल अतुल पाडवे को मुलुंड स्थित अग्रवाल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही बीईएसटी के वरिष्ठ अधिकारी और स्पेशल इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। मामले में भांडुप पुलिस स्टेशन में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई या बस में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी के चलते वाहन अनियंत्रित हुआ। इस हादसे ने एक बार फिर मुंबई की संकरी सड़कों और घनी आबादी वाले इलाकों में भारी सार्वजनिक परिवहन वाहनों के संचालन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और बीईएसटी प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।



