
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में खाकी वर्दी केवल कानून और व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश भी दे रही है, इस बात को उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा ने अपने हरित कार्यों से सच्चाई में तब्दील कर दिखाया है। प्रकृति संरक्षण के इसी संदेश को साकार करते हुए उमाशंकर दीक्षित संयुक्त चिकित्सालय (जिला अस्पताल) उन्नाव आज हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का साक्षी बना। जिला पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा ‘अपूर्व’ द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ाने के लिए चलाये जा रहे व्यापक जन -अभियान ‘बरगद बचाओ महाअभियान’ के तहत उन्नाव जिले में लोगों द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है, इसी अभियान के समर्थन में श्री जी सामाजिक सेवा समिति के सहयोग से जिला अस्पताल परिसर में 100 से अधिक छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का जिला चिकित्सालय में रोपण किया गया।बरगद का पौधा लगा कर आज के पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की गई l अभियान संयोजक अनूप मिश्रा अपूर्व के साथ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुनील कुमार शुक्ला , डा. संजीव कुमार एवं श्री जी सामाजिक सेवा समिति की अध्यक्षा, संस्था की संस्थापिका व अध्यक्षा मंजू अवस्थी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बरगद, पीपल, नीम, बेल, आँवला और अमरूद सहित अनेक जीवनदायी पौधे लगाए। पर्यावरणविद अनूप मिश्रा ‘अपूर्व’ ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छ हवा, प्राकृतिक छाया और हरित वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक अस्पताल परिसर में अधिक से अधिक छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘बरगद बचाओ महाअभियान’ केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनपद के प्राचीन बरगदों और अन्य जीवनदायी वृक्षों को बचाने का व्यापक जनआंदोलन है। सीएमएस डॉ.एस.के.शुक्ला ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हरित अस्पताल की अवधारणा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में यह परिसर मरीजों और उनके परिजनों के लिए शीतल, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध करा सके। वृक्षारोपण अभियान में मंजू अवस्थी, मनीता सेंगर, अरुणा तिवारी, नीलम श्रीवास्तव, पूर्णिमा अवस्थी, दीपाली मिश्रा, मीनू सिंह, माया वर्मा, गायत्री मिश्रा, शिल्पा मिश्रा, ज्योति गौर, प्रीति शुक्ला, नीतू शर्मा, बिमलेश मिश्रा, सीमा सिंह, अविका अवस्थी सहित सैकड़ों महिलाओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।



