
मुंबई। मुंबई के बांद्रा (पूर्व) स्थित गरीब नगर क्षेत्र के पुनर्वास के पात्र 100 झुग्गीवासियों का 15 अगस्त से पहले पुनर्वास किया जाएगा। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 300 वर्ग फुट का आवास उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी महाराष्ट्र की राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ ने विधान परिषद में दी। मंगलवार को विधान परिषद सदस्य जीशान सिद्दीकी द्वारा उठाई गई ध्यानाकर्षण सूचना के जवाब में राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ ने कहा कि पात्र लाभार्थियों का पुनर्वास उपलब्ध आवासों में किया जाएगा और प्रत्येक पात्र परिवार को 300 वर्ग फुट का घर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार केवल पात्र झुग्गीवासियों को ही पुनर्वास योजना का लाभ मिलेगा। यदि किसी व्यक्ति के पास पात्रता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, तो उनकी नियमानुसार जांच कर उचित निर्णय लिया जाएगा। राज्यमंत्री ने बताया कि संबंधित रेलवे परियोजना के लिए वर्ष 2018 में स्पार्क संस्था द्वारा सर्वेक्षण किया गया था। सर्वेक्षण में कुल 141 झुग्गीधारकों का विवरण दर्ज किया गया, जिनमें 100 पात्र और 41 अपात्र पाए गए। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्देशों के अनुसार लगभग 600 झुग्गियों में से 500 अवैध झुग्गियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। जबकि पुनर्वास के लिए पात्र घोषित 100 झुग्गियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इन झुग्गियों में आज भी पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ ने कहा कि राज्य सरकार न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए पात्र झुग्गीवासियों का समयबद्ध पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।



