Homeउत्तर प्रदेशझांसी में शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न हुई यूपीटीईटी-2026 परीक्षा, 89.76 प्रतिशत अभ्यर्थी...

झांसी में शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न हुई यूपीटीईटी-2026 परीक्षा, 89.76 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल

झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का अंतिम दिन शनिवार को झांसी जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं वॉइस रिकॉर्डिंग सिस्टम का सत्यापन किया तथा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। यूपीटीईटी-2026 की परीक्षा जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 6,477 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,814 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 663 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 89.76 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं एसपी सिटी ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि प्रवेश पत्रों का गंभीरता से सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में डुप्लीकेट परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल न हो सके। अधिकारियों ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। साथ ही फ्रिस्किंग व्यवस्था और परीक्षार्थियों के सामान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्पष्ट किया कि सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने दिया जाए तथा इसकी पूरी सतर्कता के साथ जांच सुनिश्चित की जाए। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए 20 केंद्र व्यवस्थापक, 20 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 20 विभागीय पर्यवेक्षक तैनात किए गए थे। इसके अलावा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा सभी संबंधित विद्यालयों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा नामित प्रेक्षक, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीति सिंह, विभिन्न परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments