
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की जून 2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में झांसी परिक्षेत्र ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों में लगातार छठी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, झांसी एवं जालौन जनपदों ने लगातार छठी बार तथा ललितपुर जनपद ने जून माह में प्रथम स्थान हासिल कर रेंज की उपलब्धि को और मजबूत किया है। झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि के कुशल निर्देशन में आईजीआरएस एवं समाधान पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं विधिक निस्तारण किया गया। इसी प्रभावी कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप जून 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में झांसी परिक्षेत्र को प्रदेश में लगातार छठी बार प्रथम रैंक प्राप्त हुई। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस महानिरीक्षक ने आईजीआरएस एवं सीसीटीएनएस शाखा से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रभारी आईजीआरएस/सीसीटीएनएस उपनिरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोऑर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेन्द्र प्रताप सिंह तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए श्रीमती प्रियंका गुप्ता को उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आईजी आकाश कुलहरि ने रेंज के सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध एवं विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के प्रभावी निस्तारण से आमजन में पुलिस की निष्पक्ष कार्यप्रणाली, उत्कृष्ट छवि और विश्वसनीयता मजबूत होती है। साथ ही समयबद्ध कार्रवाई से शिकायतों की संख्या में भी लगातार कमी लाई जा सकती है।



