
मुंबई। महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाते हुए 16 जून 2026 को 21 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल 7 लाख 43 हजार 117 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया, 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 19.44 लाख रुपये मूल्य के तीन वाहन भी जब्त किए गए। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर मुंबई, कोकण, पुणे, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती और नागपुर संभागों में एक साथ यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 21 प्रतिष्ठानों की जांच में 16 स्थानों पर प्रतिबंधित गुटखा एवं पान मसाला पाया गया। नागपुर में 1.91 लाख रुपये, नाशिक में 1.64 लाख रुपये, कोकण में 1.32 लाख रुपये, छत्रपति संभाजीनगर में 1.24 लाख रुपये तथा बृहन्मुंबई में 1 लाख रुपये से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया। अभियान के दौरान कुल 12 एफआईआर दर्ज की गईं, 7 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 123, 223, 274 और 275 के अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26, 27, 30(2)(a) तथा 59 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अन्न एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए FoSCoS पोर्टल, Food Safety Connect ऐप या टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने कहा है कि प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के उत्पादन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ राज्यभर में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



