HomeReligionभीमाशंकर मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला, प्रतिदिन 1,000 भक्तों को मिलेगा प्रवेश

भीमाशंकर मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला, प्रतिदिन 1,000 भक्तों को मिलेगा प्रवेश

पुणे। प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भीमाशंकर मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था पुनः शुरू कर दी गई है। मंदिर में प्रतिदिन केवल 1,000 श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। दर्शन के लिए भक्तों को मंदिर प्रबंधन समिति की आधिकारिक वेबसाइट ( https://shreebhimashankar.com) पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद ही दर्शन पास जारी किए जाएंगे और पंजीकृत श्रद्धालुओं की सूची वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्शन के लिए पास अनिवार्य रहेगा। दर्शन सुविधा 30 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी। ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश के समय वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से मंदिर ट्रस्ट, जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। जिला प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2027 में नासिक में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए भीमाशंकर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। प्रयागराज महाकुंभ 2025 के अनुभव के आधार पर नासिक-त्र्यंबकेश्वर आने वाले अनेक श्रद्धालु भीमाशंकर भी पहुंच सकते हैं। इसी संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में आवश्यक सुविधाओं के विकास का कार्य किया जा रहा है। कुंभ मेले की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर में नए सभा मंडप और सीढ़ी मार्ग के निर्माण कार्य के कारण मंदिर ट्रस्ट ने 9 जनवरी 2026 से दर्शन बंद कर दिए थे। बाद में इस बंदी की अवधि 31 मई 2026 तक बढ़ा दी गई थी। प्रशासन ने बताया कि मुख्य मंदिर के सामने बन रहे सभा मंडप का कार्य सामान्य परिस्थितियों में लगभग एक वर्ष में पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन मंदिर ट्रस्ट, स्थानीय ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग तथा दिन-रात लगातार किए गए कार्यों की बदौलत यह परियोजना मात्र पांच महीनों में पूरी कर ली गई। मुख्य सभा मंडप का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा दर्शन कतार व्यवस्था, परिसर की सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाएं भी लगभग पूरी कर ली गई हैं। शेष छोटे-मोटे कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं तथा निर्माण सामग्री और मशीनरी हटाकर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुगम बनाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद श्री क्षेत्र भीमाशंकर देवस्थान ट्रस्ट ने मंदिर को पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments