
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं जनसहयोग को प्राथमिकता देते हुए झांसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से 203 गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है। कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। विभिन्न लोगों द्वारा मोबाइल फोन गुम होने संबंधी दिए गए प्रार्थना पत्रों और सूचनाओं के आधार पर सर्विलांस सेल ने तकनीकी जांच शुरू की और अथक प्रयासों के बाद 203 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपने के लिए पुलिस लाइन झांसी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्वयं मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने झांसी पुलिस और सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में समय पर शिकायत दर्ज कराने और सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी उपलब्ध कराने से बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है। झांसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके। झांसी पुलिस की इस उपलब्धि को आमजन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण माना जा रहा है।



