
बरेली, उत्तर प्रदेश। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नाथ नगरी बरेली स्थित रामगंगा घाट पर गंगा आरती एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों तथा गंगा स्वच्छता के लिए समर्पित नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यह आयोजन जिला गंगा समिति नमामि गंगे एवं गंगा समग्र नाथ नगरी बरेली ब्रजप्रांत के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें वन विभाग बरेली का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सायंकालीन गंगा आरती में उपस्थित जनसमूह ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लेते हुए गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित शपथ समारोह में डॉ. मधु गुप्ता ने उपस्थित लोगों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, एकल-उपयोग प्लास्टिक के बहिष्कार, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने तथा नदियों और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. पवन सक्सेना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि कैंट बोर्ड की सीईओ तनु जैन ने गंगा एवं रामगंगा नदी की स्वच्छता, जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण तथा पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
गंगा समग्र के महानगर संयोजक अखिलेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर एवं तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से “स्वच्छ नदी–स्वस्थ जीवन” और “हरित पर्यावरण–सुरक्षित भविष्य” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी भारतेन्द्र सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “पक्षियों की पंचायत” का भी लोकार्पण मुख्य अतिथियों के करकमलों द्वारा किया गया। समारोह का संचालन रोहित राकेश ने किया, जबकि पंडित गुड्डू एवं उनकी टीम ने भव्य एवं दिव्य गंगा आरती संपन्न कराई।
अंत में डॉ. विमल भारद्वाज, प्रांत कोष प्रमुख, गंगा समग्र ब्रजप्रांत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में तनु श्री जैन, अमिता अग्रवाल, डॉ. पवन सक्सेना, डॉ. विमल भारद्वाज, अखिलेश कुमार सिंह, भारतेंदु सिंह, अर्जुन अग्रवाल, जयनारायण गुप्ता, डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. अमन रस्तोगी, डॉ. रामनारायण सक्सेना, राधारानी शर्मा, अशोक शर्मा, गोपेंद्र पाल सिंह, सुधीर चौहान, कौशल सिंह, राकेश शर्मा, आर्यन सिंह, इशिका, इंद्रपाल, वैभव चौधरी तथा नागेंद्र निषाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, स्वच्छ और हरित भविष्य का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज को स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने का सामूहिक संदेश भी दिया।



