Wednesday, May 20, 2026
Google search engine
HomeCrimeमुंबई APMC में ACB का बड़ा धमाका: ₹1.40 लाख की रिश्वत लेते...

मुंबई APMC में ACB का बड़ा धमाका: ₹1.40 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए दो अधिकारी

इंद्र यादव/मुंबई। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवी मुंबई एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने वाशी स्थित मुंबई कृषि उपज मंडी समिति के मुख्य प्रशासनिक भवन में जाल बिछाकर दो लोकसेवकों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक क्लास-1 अधिकारी भी शामिल है। दोनों अधिकारियों ने एक ठेकेदार से उसका बिल पास करने के बदले ₹1,40,000 की घूस मांगी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डॉ. दीपक शरद आवटे (40) और समीर नारायण म्हात्रे (55) के रूप में हुई है। डॉ. आवटे मुंबई कृषि उपज मंडी समिति में अतिरिक्त प्रभार उपसचिव (वर्ग-1) और स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनात थे, जबकि समीर म्हात्रे अतिरिक्त प्रभार स्वच्छता अधिकारी (वर्ग-3) और जनरेटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता एक रजिस्टर्ड कांट्रैक्टर है, जिसे APMC में अक्टूबर से अप्रैल तक चोकअप निकालने और वार्षिक रखरखाव का टेंडर मिला था। काम पूरा होने के बाद जब उसका बिल मंजूर हुआ, तो दोनों अधिकारियों ने बिल की राशि पर 15 प्रतिशत कमीशन की मांग कर दी। कुल भुगतान राशि 9,78,027 रुपए में से करीब ₹1.46 लाख रिश्वत मांगी गई, जिसे बाद में सौदेबाजी के बाद ₹1.40 लाख पर तय किया गया। ठेकेदार रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने 15 मई 2026 को नवी मुंबई ACB कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें यह साबित हुआ कि दोनों अधिकारी मिलकर रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसके बाद 19 मई 2026 को ACB ने APMC के मुख्य प्रशासनिक भवन में जाल बिछाया। दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर जैसे ही समीर म्हात्रे ने अपने केबिन में शिकायतकर्ता से 1.40 लाख रुपए की रिश्वत स्वीकार की, वैसे ही पहले से तैनात ACB टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके तुरंत बाद इस साजिश में शामिल मुख्य अधिकारी डॉ. दीपक आवटे को भी हिरासत में ले लिया गया। एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ACB अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क करें या टोल-फ्री नंबर 1068 पर शिकायत दर्ज कराएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments