Tuesday, May 19, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraदवा विक्रेताओं के बंद को लेकर महाराष्ट्र एफ़डीए अलर्ट, जरूरी दवाओं की...

दवा विक्रेताओं के बंद को लेकर महाराष्ट्र एफ़डीए अलर्ट, जरूरी दवाओं की आपूर्ति रहेगी जारी

मुंबई। अखिल भारतीय रसायनज्ञ एवं औषधि विक्रेता संगठन (AIOCD) द्वारा बुधवार, 20 मई 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी एक दिवसीय बंद के मद्देनजर महाराष्ट्र अन्न एवं औषध प्रशासन (एफ़डीए) पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने राज्यभर में जीवनरक्षक और आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। AIOCD ने दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के विरोध और अन्य मांगों को लेकर थोक एवं खुदरा दवा व्यापार बंद रखने का आह्वान किया है। इस बीच, महाराष्ट्र एफ़डीए ने साफ किया है कि बंद के बावजूद आम नागरिकों को दवाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। मंगलवार को सह आयुक्त (औषध) एवं नियंत्रण प्राधिकारी विजय टी.जाधव ने बताया कि राज्य में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। एफ़डीए आयुक्त श्रीधर डूबे-पाटील के निर्देशानुसार राज्यभर के मेडिकल स्टोर्स, अस्पतालों से जुड़े दवा केंद्रों और 24 घंटे संचालित मेडिकल दुकानों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। प्रशासन ने दवा विक्रेताओं को पर्याप्त मात्रा में दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारियों, पुलिस प्रशासन, जिला स्वास्थ्य अधिकारियों, जिला शल्य चिकित्सकों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, निजी अस्पतालों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। एफ़डीए ने राज्यभर के जिला स्तर पर पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों। प्रशासन का कहना है कि हर जिले, तालुका और गांव स्तर पर जरूरी मेडिकल दुकानें खुली रहें, इसके लिए सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए एफ़डीए ने कहा है कि दवा आपूर्ति में समस्या होने पर संबंधित जिला अन्न एवं औषध प्रशासन कार्यालय के नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। मुख्यालय स्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 9890293253 पर संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments