
मुंबई। ‘भगोड़ा’ अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के कथित करीबी सहयोगी सलीम डोला से जुड़े मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने विशेष एनडीपीएसअदालत में अर्जी दाखिल कर डोला की हिरासत मांगी है, ताकि उससे विभिन्न मामलों में आगे पूछताछ की जा सके। अधिकारियों के अनुसार, यदि अदालत अनुमति देती है तो क्राइम ब्रांच, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत से डोला को लेकर कई ड्रग्स मामलों में पूछताछ करेगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि डोला अंडरवर्ल्ड से जुड़े बड़े ड्रग नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी दे सकता है।
8 मई तक एनसीबीकी हिरासत
सूत्रों के मुताबिक, सलीम डोला फिलहाल 8 मई तक एनसीबी की हिरासत में है। क्राइम ब्रांच ने ‘प्रोडक्शन वारंट’ जारी करने की अर्जी दी है, ताकि एनसीबी की रिमांड समाप्त होने के बाद उसे अपनी हिरासत में लिया जा सके। अदालत के समक्ष एजेंसी को यह साबित करना होगा कि अन्य मामलों में पूछताछ आवश्यक है।
कई राज्यों के मामलों में नाम
क्राइम ब्रांच ने संकेत दिए हैं कि डोला की हिरासत सांगली, मैसूर और तेलंगाना से जुड़े ड्रग्स मामलों में चरणबद्ध तरीके से ली जा सकती है। जांच में इन स्थानों पर पकड़ी गई ड्रग फैक्ट्रियों से उसकी कथित संलिप्तता सामने आई है। वर्ष 2024 में 4 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्ती मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़ाव
अधिकारियों के अनुसार, सलीम डोला को कई बड़े ड्रग नेटवर्क का प्रमुख किरदार माना जाता है। जांच एजेंसियों का मानना है कि उससे पूछताछ से देशभर में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई संभव हो सकती है। यह जांच फरवरी 2024 में कुर्ला से एक ड्रग पेडलर की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई, जहां से 641 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया गया था। पूछताछ में सामने आए सुरागों के आधार पर सांगली जिले में छापेमारी की गई, जहां से 122 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की एमडी, नकदी और सोना बरामद हुआ, जिसकी कुल कीमत करीब 253 करोड़ रुपए आंकी गई।
परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी
2025 में क्राइम ब्रांच ने डोला के बेटे ताहिर डोला और भतीजे मुस्तफा कुब्बावाला को दुबई से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि ये दोनों कच्चे माल की आपूर्ति और ड्रग्स वितरण नेटवर्क के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। फिलहाल इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय एनडीपीएस अदालत के हाथ में है। अदालत की मंजूरी के बाद ही सलीम डोला को एनसीबी की हिरासत से मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा।




