
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव के विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डिप्थीरिया एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला टास्कफोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को अभियान को प्रभावी और शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चिकित्सकों डॉ. नरेंद्र सिंह और डॉ. श्वेता ने जानकारी दी कि यह विशेष टीकाकरण अभियान 20 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा। माइक्रो प्लान के अनुसार टीकाकरण टीमें क्षेत्र में भ्रमण कर 5 से 6 वर्ष के बच्चों को डीपीटी सेकंड बूस्टर, 10 वर्ष के बच्चों को टीडी-10 और 16 वर्ष के बच्चों को टीडी-16 का टीका लगाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में बेहद प्रभावी है। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर समस्या है, जहां हर वर्ष लगभग 80 हजार महिलाएं इससे प्रभावित होती हैं और करीब 40 हजार की मृत्यु हो जाती है। वर्तमान में सभी ब्लॉक सीएचसी और पीएचसी पर एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध है, जिसे 14 से 15 वर्ष की बालिकाएं लगवा सकती हैं। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि माइक्रो प्लान के अनुसार सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने शहरी क्षेत्र के कुछ निजी विद्यालयों द्वारा टीकाकरण में सहयोग न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि 30 अप्रैल के बाद ऐसे विद्यालयों के जिम्मेदारों की बैठक बुलाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस अभियान के तहत अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।




