Sunday, April 12, 2026
Google search engine
HomeCrimeमलाड ईस्ट में मिलावटी दूध रैकेट का भंडाफोड़, ब्रांडेड पैकेट में पानी...

मलाड ईस्ट में मिलावटी दूध रैकेट का भंडाफोड़, ब्रांडेड पैकेट में पानी मिलाकर बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। मलाड ईस्ट में जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े मिलावटी दूध रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। दिंडोशी पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी सैदुल रामास्वामी चौगोनी (40) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान सैकड़ों लीटर मिलावटी दूध नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 की सुबह कासम बाग इलाके में स्थित एक कमरे में खुफिया सूचना के आधार पर छापा मारा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आकाश मंडले और उनकी टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से दूध सप्लाई के व्यवसाय की आड़ में मिलावट का धंधा चला रहा था। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि आरोपी अमूल और गोकुल जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के दूध पैकेटों से छेड़छाड़ कर रहा था। वह पैकेटों को काटकर उनमें से कुछ दूध निकालता, उसमें दूषित पानी मिलाता और फिर उन्हें दोबारा सील कर बाजार में बेच देता था। इस प्रक्रिया के लिए मोमबत्ती, लाइटर, चिमटे, कैंची, प्लास्टिक की कीप, स्टील के बर्तन और 600 से अधिक खाली पैकेट बरामद किए गए। छापे के दौरान कुल 473 लीटर मिलावटी दूध जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 31,000 रुपये बताई गई है। स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए लगभग 465 लीटर दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि नमूनों को आगे की जांच के लिए भेजा गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ब्रांडेड पैकेजिंग पर ग्राहकों के भरोसे का फायदा उठाकर नियमित रूप से मिलावटी दूध की आपूर्ति करता था। पुलिस ने उसके पास से इस अवैध कारोबार का हिसाब-किताब रखने वाला रजिस्टर भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा कानूनों की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments