
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। तहसील सदर सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग कर जनसुनवाई की और शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जनपद में निर्बाध जलापूर्ति एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र उन्होंने कहा कि सभी आयोजन परंपरागत मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न हों और माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। शांति, सुरक्षा और अनुशासन हर हाल में बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय होना चाहिए। किसी भी अपराध को छोटा न समझते हुए हर सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने पीआरवी-112 की गश्त बढ़ाने, लाउडस्पीकर के दुरुपयोग, बाइक स्टंटबाजी और अन्य अव्यवस्थाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने एलपीजी की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही चैत्र नवरात्रि के दौरान मंदिरों में सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
भूमि संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि धारा-67 के वादों का अभियान चलाकर निस्तारण किया जाए और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अवैध कब्जों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि फसल कटने के बाद खाली खेतों में चकरोड की पैमाइश कर उन्हें कब्जामुक्त कराया जाए। गलत तरीके से कब्जा करने वालों और बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने धारा 145, धारा 24, पुलिस द्वारा धारा 107/16, धारा 151 तथा धारा 447 के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्वालियर रोड स्थित सूती मिल पाल का अड्डा क्षेत्र के निवासियों ने नाली तोड़े जाने से उत्पन्न समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि एनएचएआई द्वारा ओवरब्रिज निर्माण के दौरान नगर निगम की नाली को तोड़ दिया गया, जिससे पिछले 4-5 महीनों से घरों का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है और क्षेत्र में जलभराव व गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एडीएम नमामि गंगे, पीडी एनएचएआई, अधिशासी अभियंता जल निगम एवं नगर आयुक्त की चार सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराने और समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम सदर श्री गोपेश तिवारी, तहसीलदार सदर श्री विवेक कुमार, सीओ सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




