
भूपेन्द्र सिंह
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर नगर के पश्चिमी छोर पर स्थित मां शीतला देवी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर मंदिर में मां शीतला देवी का भव्य श्रृंगार किया गया। जिसे देखकर भक्तगण भाव-विभोर हो उठे। महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ माता का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। शीतला अष्टमी के पर्व को लेकर नगर में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रामजी गुप्ता, समाजसेवी आकाश निषाद, चौधरी आशीष सिंह ‘गोलू’, भाजपा नेता बाला राव गुप्ता और विवेक पटेल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिविर लगाकर श्रद्धालु भक्तों को प्रसाद वितरित किया। मंदिर पहुंचे भक्तों ने मां शीतला देवी के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार और पूर्व मंत्री चौधरी अशोक कुमार सिंह ‘बेबी’ आदित्य तिवारी, अंकित शुक्ला, गौरी शंकर, दीपक निषाद, शेखर कुशवाहा, मनोज यादव, अंश अवस्थी, रिंकू निषाद व सुभाष राजपूत सहित कई गणमान्य लोग भी मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के प्रमुख पुजारी बलराम यादव ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शीतला अष्टमी के दिन मां शीतला की पूजा करने से रोग-दोष दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का माहौल बना रहा। आयोजन में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनीत कटियार, सदस्य रामजी गुप्ता, विजय गुप्ता व ओम नारायण श्रीवास्तव आदि का सराहनीय योगदान रहा।




