
महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सरकार की
प्रतिबद्धता: पीएम मोदी
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि भारत की ‘नारी शक्ति’ को सशक्त बनाने और माताओं व बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सरकार संवेदनशील है और यह अभियान उसी दिशा में एक ठोस पहल है। शनिवार को कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई स्थित ‘वर्षा’ निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि परिवार में मां बीमार हो जाए तो पूरा घर प्रभावित होता है, लेकिन मां स्वस्थ हो तो परिवार किसी भी संकट का सामना कर सकता है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और सेनेटरी पैड उपलब्धता जैसे मिशन मोड कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के खाते में पोषण के लिए 5,000 रुपये जमा किए जा रहे हैं।
17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े लगभग 17,000 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार से राजस्थान का भविष्य बदल रहा है। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा के आसपास विकसित की जा रही आधारभूत संरचना से राज्य वैश्विक निवेश के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। प्रधानमंत्री ने सौर ऊर्जा की क्षमता का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार 78,000 रुपये तक की सहायता दे रही है। उन्होंने “विकसित राजस्थान से विकसित भारत” के संकल्प को दोहराते हुए राज्य की सांस्कृतिक और वीर परंपरा की सराहना की।




