
भूपेंद्र सिंह
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव के अजगैटीन थाना क्षेत्र में सहन और रास्ते की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, लेकिन इसके बावजूद एक पक्ष द्वारा दोबारा आपत्ति जताने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीरा नामक महिला ने आरोप लगाया था कि सहन व रास्ते की भूमि पर जबरन सीवर टैंक खोदा जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई। चर्चा के बाद आपसी सहमति से यह तय हुआ कि हसीन और यासीन की पत्नी अपने-अपने निजी सहन क्षेत्र में ही सीवर टैंक का निर्माण करेंगी और किसी प्रकार का विवाद नहीं करेंगी। समझौते के बाद भी समीरा ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि निर्माण कार्य पूरी तरह उनके निजी सहन में और तय शर्तों के अनुरूप किया जा रहा है, किसी सार्वजनिक रास्ते या अन्य की भूमि पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक विवाद की सूचना पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची थी और स्थिति को शांत कराया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न करने की हिदायत दी है।



