
भुवनेश्वर। ओडिशा में कटक सर्कल के माइंस (खनन) के डिप्टी डायरेक्टर देवब्रत मोहंती को विजिलेंस विभाग ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें मंगलवार रात एक लाइसेंसी कोयला डीलर से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। आरोप है कि मोहंती कोयला डिपो को सुचारु रूप से संचालित करने और परिवहन की अनुमति देने के बदले यह राशि ले रहे थे। गिरफ्तारी के बाद भुवनेश्वर विजिलेंस पुलिस स्टेशन में केस संख्या 1/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को विजिलेंस विभाग ने देवब्रत मोहंती के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। भुवनेश्वर के श्रीविहार नेचर्स अपार्टमेंट, फ्लैट नंबर 302 स्थित उनके आवास से 4 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किए गए। विभाग के अनुसार, यह विजिलेंस इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी नकद जब्ती मानी जा रही है। नकदी ट्रॉली बैग और अलमारी में छिपाकर रखी गई थी, जिसकी गिनती जारी है। इसके अलावा मोहंती के कार्यालय की दराज से 1 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए गए। विजिलेंस टीम ने भद्रक के मठसाही स्थित उनके पुश्तैनी घर और कटक स्थित कार्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया। विभाग ने भुवनेश्वर की पहाड़ियों के पास स्थित 2400 वर्ग फीट की दो मंजिला इमारत और सुनालंका गांव के पास 130 वर्ग मीटर की दो मंजिला बिल्डिंग पर भी छापेमारी की है। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के बाद मोहंती की सभी संपत्तियों का आकलन किया जाएगा। फिलहाल विजिलेंस विभाग द्वारा विस्तृत जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया में है।




