
मुंबई। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद राज्य में घोषित तीन दिवसीय शोक अवधि को देखते हुए महाराष्ट्र की 12 जिला परिषदों और उनके अंतर्गत 125 पंचायत समितियों के आम चुनाव के शेष चरणों में बदलाव किया गया है। अब पहले 5 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मतदान 7 फरवरी 2026 को होगा, जबकि पहले 7 फरवरी को होने वाली मतगणना अब 9 फरवरी 2026 को कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 13 जनवरी 2026 को की थी। इसके तहत नामांकन दाखिल करने, नामांकन वापस लेने, चुनाव चिन्ह आवंटन और अंतिम प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित करने जैसी सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। अब केवल मतदान, मतगणना और निर्वाचित सदस्यों के नाम राजपत्र में प्रकाशित करने के चरण शेष हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने इन चुनावों के लिए 31 जनवरी 2026 के बाद केवल दो सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया था। इसी बीच 28 जनवरी 2026 को उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के चलते राज्य सरकार ने 28 से 30 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया। इस शोक अवधि को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम के शेष चरणों में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, संबंधित जिलाधिकारी 31 जनवरी 2026 को नई चुनाव अधिसूचना जारी करेंगे। अब मतदान 7 फरवरी 2026 को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक कराया जाएगा। इसके चलते चुनाव प्रचार की अवधि 5 फरवरी 2026 की रात 10 बजे समाप्त होगी। वहीं, मतगणना 9 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। परिणाम घोषित होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी जाएगी। निर्वाचित सदस्यों के नाम 11 फरवरी 2026 तक सरकारी राजपत्र में प्रकाशित किए जाएंगे।




