
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। संगम नगरी प्रयागराज में मौनी अमावस्या के महास्नान पर्व पर देश-दुनिया से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। संगम तट पर करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि दान, व्रत और त्याग की प्रेरणा देने वाले आस्था के महापर्व मौनी अमावस्या की सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। उन्होंने कामना की कि मोक्षदायिनी माँ गंगा और सूर्यदेव की कृपा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा जीवन में नव ऊर्जा, नव उत्साह और नव उमंग का संचार हो। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस पावन अवसर पर संगम स्नान के लिए आए सभी पूज्य अखाड़ों, धर्माचार्यों, संतों, साधकों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिनंदन है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी ‘एक्स’ पर मौनी अमावस्या की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक-आस्था के इस पावन पर्व पर भगवान श्रीहरि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश और प्रदेशवासियों को मौनी अमावस्या की हार्दिक बधाई देते हुए माघ मेले में पावन स्नान के लिए आए साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और कामना की कि संगम में आस्था की डुबकी से सभी को पुण्य, शांति और अभिलाषित फल की प्राप्ति हो। वहीं प्रदेश सरकार में मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने भी मौनी अमावस्या को दान, व्रत, मौन और त्याग की प्रेरणा देने वाला पर्व बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि माँ गंगा और सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो।




