
मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट कस्टम्स विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि तीन अलग-अलग मामलों में बैंकॉक से लाए गए कुल 12 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स ज़ब्त किए हैं। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, पहली घटना में कोलंबो से मुंबई आ रहे एक यात्री के सामान से 2.56 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) बरामद हुआ, जिसकी अवैध बाज़ार कीमत लगभग 2.56 करोड़ रुपये बताई गई है। दूसरी घटना में, बैंकॉक से आ रहे एक अन्य यात्री के सामान से 2.390 किलोग्राम मारिजुआना मिला, जिसकी कीमत लगभग 2.39 करोड़ रुपये है। तीसरे मामले में, विशेष सूचना पर बैंकॉक से आए एक यात्री के बैग से 6.97 किलोग्राम मारिजुआना जब्त किया गया, जिसकी बाज़ार कीमत लगभग 6.97 करोड़ रुपये है। तीनों मामलों में ड्रग्स यात्रियों के चेक-इन ट्रॉली बैग में छिपाए गए थे और गिरफ्तारियां एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई हैं। कस्टम्स अधिकारियों ने बताया कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि ड्रग्स की सप्लाई किसने की थी और मुंबई में ये खेप किसके पास जाने वाली थी।




