
मुंबई। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गणेशोत्सव 2025 के लिए कोंकण जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान करने का निर्णय लिया है। 23 अगस्त से 8 सितंबर, 2025 तक मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग, मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग सहित लोक निर्माण विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों पर निजी वाहनों और राज्य परिवहन बसों के लिए टोल वसूली निलंबित रहेगी। इसके लिए “गणेशोत्सव 2025 – कोंकण दर्शन” नामक एक विशेष टोल छूट पास जारी किया जाएगा, जिसमें वाहन संख्या और वाहन स्वामी की जानकारी दर्ज होगी। यह पास संबंधित क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, पुलिस और परिवहन विभाग कार्यालयों से उपलब्ध होगा तथा वापसी यात्रा के लिए भी मान्य रहेगा। सरकारी आदेश के अनुसार, ग्रामीण और शहरी पुलिस के साथ-साथ परिवहन विभाग समन्वय स्थापित कर समय पर पास वितरण सुनिश्चित करेंगे। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस निर्णय की जानकारी देने के लिए विज्ञापन और सूचना प्रकाशित की जाए, ताकि लाखों गणेश भक्त समय पर लाभ उठा सकें।




