
मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए रायगढ़ जिले में “तीसरी मुंबई” विकसित की जा रही है। यह परियोजना महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी, ऐसा प्रतिपादन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। मुख्यमंत्री श्री फडणवीस ने वर्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय निवेश बैंक गोल्डमैन सॅक्स के नए और विस्तारित मुंबई कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने निवेशकों के साथ चर्चा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में ऐसे वैश्विक वित्तीय संस्थानों का विस्तार राज्य की साख और निवेश-अनुकूल वातावरण की पुष्टि करता है। उन्होंने बताया कि “तीसरी मुंबई” परियोजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय केंद्र, मेडिकल कॉलेज, नवाचार केंद्र तथा क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित शोध सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। यह परियोजना मुंबई और महाराष्ट्र की आर्थिक प्रगति में निर्णायक योगदान देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र को मौजूदा मुंबई से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी मिलेगी, जिसमें कोस्टल रोड, अटल सेतु और निर्माणाधीन वर्ली–शिवड़ी लिंक रोड जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इससे “तीसरी मुंबई” न केवल निवेश और रोजगार का केंद्र बनेगी बल्कि आर्थिक विकास को भी नई गति देगी। उन्होंने निवेशकों से अपील की कि वे इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार निवेशकों को सभी आवश्यक अनुमतियां शीघ्र उपलब्ध कराएगी और किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर गोल्डमैन सॅक्स के अध्यक्ष केविन स्नीडर ने कहा कि भारत का बाजार हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं, गोल्डमैन सॅक्स इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय चटर्जी ने इसे भारत में कंपनी की यात्रा का एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह नया कार्यालय सहयोग, नवाचार और कर्मचारियों के कल्याण पर केंद्रित है।




